नवादा : जिले के सिरदला में अनोखा मामला सामने आया है। चोरी हुई बाइक की तलाश में निकले भेलवाटांड निवासी राजेंद्र कुमार को रजौली के घसियाडीह में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। राजेंद्र ने मोबाइल में मौजूद सीसीटीवी फुटेज और तस्वीर से युवक का मिलान किया। पूछताछ के दौरान युवक ने बच्चे के लिए नैपी लाने की बात कही और वहां से चला गया। काफी इंतजार के बाद भी युवक वापस नहीं लौटा। क्लीनिक में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने राजेंद्र को भरोसा दिलाया कि वह युवक को जानता है और वापस आएगा, लेकिन वह नहीं आया।
राजेंद्र की बाइक (बीआर-27 के 5956) पांच सितंबर को सिरदला बाजार के निजी कोचिंग सेंटर के बाहर से चोरी हुई थी। घटना सीसीटीवी में कैद थी। इसके आधार पर राजेंद्र ने सिरदला थाना में आवेदन दिया था। मामले में कांड संख्या 275/26 दर्ज किया गया था । इसके बाद वह मोबाइल में फुटेज लेकर खुद ही सिरदला और रजौली बाजार में बाइक तथा संदिग्ध युवक की तलाश कर रहे थे।
राजेंद्र की बाइक अभी बरामद नहीं हुई है। संदिग्ध युवक के नहीं लौटने पर पुलिस को सूचना दी गई। सिरदला पुलिस के एसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान क्लीनिक के पास एक अपाचे बाइक मिली। पुलिस ने बाइक के नंबर के साथ इंजन और चेसिस नंबर की जांच की। पुलिस के अनुसार, इंजन-चेसिस नंबर से बाइक के पटना जिले से संबंधित होने की जानकारी मिली।
जांच के बाद पुलिस ने विक्की कुमार (35), पिता स्व. अनिल सिंह, निवासी मरचोई, थाना नासरगंज, जिला कोडरमा, झारखंड को हिरासत में लिया। इस मामले में कांड संख्या 281/26 दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार विक्की को स्वास्थ्य जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने घटना की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार एक अन्य अप्राथमिकी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। राजेंद्र की बाइक बरामद नहीं होने के कारण उसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार सिरदला थाना क्षेत्र और बाजार में हाल के दिनों में करीब चार से पांच बाइक चोरी की घटनाएं सामने आई है।
भईया जी की रिपोर्ट