पटना/बाढ़। बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना पश्चिमी पंचायत स्थित सैदपुर टोला में कथित जहरीली शराब से चार लोगों की मौत के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने के लिए विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग लगातार पहुंच रहे हैं।

इसी क्रम में बेढ़ना पश्चिमी पंचायत की पूर्व मुखिया सोनी देवी के पति रंजीत कुमार उर्फ ‘टिल्लू’ ने भी सैदपुर टोला पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रत्येक पीड़ित परिवार को तत्काल 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया। रंजीत कुमार ‘टिल्लू’ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक साथ चार लोगों की मौत से चार परिवार उजड़ गए हैं। परिवार के कमाने वाले सदस्य के चले जाने से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी उत्पन्न हो गया है। ऐसे मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज का दायित्व है।
उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब के कारण हुई इस घटना से न केवल बेढ़ना गांव, बल्कि बाढ़-पटना समेत पूरे बिहार के लोग स्तब्ध हैं। रंजीत कुमार ‘टिल्लू’ ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवारों को दी जा रही आर्थिक सहायता का आगामी पंचायत चुनाव अथवा पंचायत की राजनीति से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, “यह संकट हमारे घर और गांव का है। सभी पीड़ित परिवार हमारे अपने परिवार हैं। भगवान ने हमें जितना सामर्थ्य दिया है, उसके अनुसार इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के लिए जो संभव होगा, वह हर हाल में करेंगे।”
उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। बताया जाता है कि रंजीत कुमार ‘टिल्लू’ लंबे समय से पंचायत के लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहे हैं। पंचायत के लोगों के बीच उनका व्यक्तिगत जुड़ाव और मधुर संबंध भी रहा है। इधर, घटना के बाद मृतकों के घरों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच और कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।

सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट
