नवादा : जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचूगढ़ में छात्र प्रणय उर्फ पीयूष की हत्या के बाद उपजे जन आक्रोश और तनाव के बीच मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और एसपी अभिनव धीमान पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपना आक्रोश जताया और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आईजी और एसपी से मुलाकात के दौरान मृतक पीयूष के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा नजर आया। परिजनों ने दिनदहाड़े छात्र की हत्या करने वाले आरोपितों के एनकाउंटर की मांग रखी। उनका कहना था कि हत्यारों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, उनका आक्रोश शांत नहीं होगा। परिजनों की मांग और आक्रोश को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान ने त्वरित और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी से मामले की जांच कर रही है और तीन दिनों के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी के अनुसार, घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्य, एफएसएल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने मुख्य आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वाशन दिया। आईजी विकास वैभव ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट