नवादा : जिले का बिजली विभाग भी हद है रे भाय! 200 यूनिट बिजली मुफ्त का तो कोई हिसाबे नहीं है, मनमानी चरम पर है। ऐसे में उपभोक्ता परेशान है। तभी तो जल्दी कोई बिल भुगतान करना नहीं चाहता। जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय बाजार क्षेत्र के तकिया मोहल्ला निवासी कुंदन कुमार उस समय हैरान रह गए, जब ऑनलाइन बिजली बिल में 27 लाख 2 हजार 898 रुपये की राशि दर्ज मिली। गरीब परिवार से आने वाले कुंदन के अनुसार, उनके घर में सिर्फ दो बल्ब और गर्मी में एक स्टैंड फैन चलता है।
इससे पहले भी 753 रुपये का बिल आने पर उन्होंने विभाग में शिकायत की थी। उनका कहना है कि 200 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा से राहत मिलती थी, लेकिन इतना बड़ा बिल चुकाना उनके लिए संभव नहीं है। परिवार ने तत्काल सुधार की मांग की है। इस बावत बिजली विभाग के कनीय अभियंता ने बताया कि शिकायत मिली है आवेदन मिलने पर जांचोपरांत विपत्र में सुधार किया जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट
