नवादा : जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के रजौली-बख्तियारपुर सड़क पर शेखपुरा मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मृतक गौरव कुमार, पिता राजेंद्र सिंह, अपने साथियों के साथ फतेहपुर गांव से हुडराही खेल मैदान में दौड़ने गया था।

दौड़ के बाद सभी लोग वापस फतेहपुर अपने घर लौट रहे थे इसी दौरान शेखपुरा गांव के नजदीक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौरव कुमार की घटनास्थल पर मौत हो गयी जबकि हादसे में नवीन सिंह के पुत्र शिवम कुमार और उदय सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष अलका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है. प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की।
भईया जी की रिपोर्ट

