नवादा : पैगम्बर हज़रत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के सुनहरे अवसर पर 26 अगस्त 2026 को जिले में भव्य, आकर्षक, सुसज्जित तथा अनुशासित शांतिपूर्ण और जनतांत्रिक तरीके से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। आयोजकों के मुताबिक नवादा शहर के मुस्लिम मुहल्लों-बड़ी दरगाह, मुस्लिम रोड, मोगलाखार, अंसार नगर, कमालपुर, भदौनी समेत अन्य मोहल्लों से जुलूस सज-धज कर निकलेगा। नगर ही नहीं, जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी युद्धस्तर पर तैयारी जारी है।

समय और मार्ग:-सुबह 08 बजे से अलग-अलग मोहल्लों से जुलूस शुरू होकर सद्भावना चौक पर एकत्र होगा। उसके बाद संगठित जुलूस गया रोड से रजौली बस स्टैंड, मोगलाखार, अंसार नगर, कमालपुर होते हुए प्रजातंत्र चौक, विजय बाजार, कलाली रोड व मुस्लिम रोड होते हुए अपने-अपने मोहल्लों में वापस लौटेगा। निर्धारित समय सुबह 08 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
नेशनल इस्लामिक फेस्टिवल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो. नेयाज खान उर्फ नेताजी कल्लू ने जिला प्रशासन और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी ज्ञापन सौंप कर जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल,साफ-सफाई,अपराधियों व असमाजिक तत्वों पर सख्त कड़ी निगरानी रखने के साथ ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। आयोजकों ने जनता और पुलिस से शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने की मार्मिक अपील की है। यह जुलूस सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे, समानता और शांति सद्भाव का एक अद्भुत प्रतीक होगा।
भईया जी की रिपोर्ट

