नवादा : बिहार-झारखंड सीमावर्ती रजौली प्रखंड क्षेत्र के चितरकोली समेकित जांच चौकी पर खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान फर्जी चालान पर गिट्टी का परिवहन कर रहे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया गया वहीं, बिना चालान बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को भी पकड़ा गया। जब्त दोनों वाहनों पर खनन विभाग की ओर से जुर्माना लगाया गया है।

जांच चौकी पर झारखंड के कोडरमा से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रक संख्या जेएच12एफ 6316 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि ट्रक पिछले तीन-चार दिनों में कई बार रजौली टोल प्लाजा से आ-जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार कुछ ट्रक मालिक एक ही चालान का बार-बार इस्तेमाल कर गिट्टी का परिवहन करते हैं। चालान की वैधता तीन दिन से एक सप्ताह तक होने का फायदा उठाकर एक ही चालान पर कई खेप ढोने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि कोडरमा से पटना तक एक ही चालान का बार-बार इस्तेमाल कर सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
एसडीएम के निर्देश पर ट्रक को समेकित जांच चौकी पर जब्त कर लिया गया। खनन विभाग की ओर से ट्रक पर करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अभियान के दौरान बिना चालान बालू लदे ट्रैक्टर संख्या जेएच 02 बीएल7404 को भी पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद ट्रैक्टर को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। ट्रैक्टर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है। जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय ने बताया कि झारखंड के कोडरमा समेत अन्य क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में गिट्टी लदे ट्रक समेकित जांच चौकी से होकर गुजरते हैं। सरकार के राजस्व को होने वाली क्षति को रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खनन एवं खनिज परिवहन में अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय के निर्देश पर खनन निरीक्षक आजाद पासवान, थाना के एएसआई सत्यदेव प्रसाद और सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने जांच चौकी पर वाहनों के कागजात और चालान की जांच करते हुए खनिज परिवहन में नियमों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।

भईया जी की रिपोर्ट
