नवादा : जिले के पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय के बड़ी तालाब गेट के समीप स्थित श्री राम ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान की बाहरी दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण के साथ 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए।

सुबह दुकान पहुंचने पर हुई चोरी की जानकारी
दुकान संचालक श्री राम कुमार ने बताया कि शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। सुबह उन्हें दुकान में चोरी होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर जब वह दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान की बाहरी दीवार काटी गई थी वहीं, आभूषणों के कई डिब्बे दुकान के बाहर बिखरे पड़े थे। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कवायद तेज कर दी गयी है। घटना के व्यवसायिक वर्ग अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट
