नवादा : जिले के अलग-अलग स्थानों में बारिश के बीच वज्रपात ने कई परिवारों पर कहर बरपा दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची झुलस गई। वज्रपात की चपेट में आने से एक गाय और तीन बकरियों की भी मौत हुई है। घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिले में मौसम खराब रहने के दौरान अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की घटनाएं हुईं। रूपौ, सीतामढ़ी और मेसकौर थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से तीन बच्चों की जान चली गई जबकि एक बच्ची झुलस गई, जिसका इलाज कराया गया।
पहली घटना रूपौ थाना क्षेत्र के छनौन गांव में हुई। 10 वर्षीय प्रिंस कुमार खेत से मवेशी लाने गया था। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ और प्रिंस उसकी चपेट में आ गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के लिए ले जाने से पहले मौत हो गई। वज्रपात की घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। प्रिंस की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही कोहराम मच गया।
दूसरी घटना सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव की है। 13 वर्षीय सुनीता कुमारी वज्रपात की चपेट में आ गई और मौके पर उसकी मौत हो गई। उसके साथ मौजूद उसकी बहन शीतल कुमारी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलस गई। सुनीता की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया जबकि घायल शीतल कुमारी को परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गयी। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीसरी घटना मेसकौर थाना क्षेत्र के ढिबरा गांव में हुई। 16 वर्षीय नवनीत कुमार की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। नवनीत की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। एक ही दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन बच्चों की मौत से संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। हादसों के बाद परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण भी इस घटना से सदमे में हैं। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट