नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी बिंदेश्वरी प्रसाद के पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से शादीशुदा है। गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच करा न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए घर से निकली थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की एक युवती ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए घर से रजौली बाजार निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की। इसी दौरान परिजनों को युवती के प्रेम-प्रसंग के बारे में जानकारी मिली।
परिजनों ने बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप
युवती के परिजनों ने रजौली थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि एक युवक उनकी बेटी को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तकनीकी अनुसंधान के आधार पर युवती के संबंध में जानकारी जुटाई।
न्यायालय में दर्ज हुआ युवती का बयान
पुलिस ने युवती को बरामद करने के बाद न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया। युवती ने अपने बयान में युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया। इसके बाद न्यायालय के निर्देश के आलोक में मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मामले में न्यायालय के निर्देश के बाद थाना में पदस्थापित एएसआई जयप्रकाश चौधरी ने गुप्त सूचना के आधार पर अप्राथमिकी अभियुक्त प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व से शादीशुदा है।
मेडिकल जांच के बाद भेजा गया न्यायिक हिरासत में
प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल जांच कराया गया।आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भईया जी की रिपोर्ट