नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में पदक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिनांक 01 से 03 अगस्त 2026 तक आयोजित सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक अर्जित किए।
प्रतियोगिता में जिले ने समग्र प्रदर्शन के आधार पर राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में काशीचक प्रखंड के चंडी महारानी इंटर कॉलेज की छात्रा नेहा कुमारी ने जूनियर वर्ग की परंपरागत योगासन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं चांद मुनि के साथ युगल जोड़ी बनाकर कलात्मक योगासन स्पर्धा में कांस्य पदक भी अपने नाम किया।
इसी प्रकारनगर की वीआईपी कॉलोनी निवासी आंचल मेहता एवं नारदीगंज प्रखंड के फल्गु गांव निवासी ज्योति कुमारी ने सीनियर वर्ग की तालात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में रजत पदक तथा कलात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक अर्जित किया।नगर स्थित ज्ञान भारती विद्यालय के छात्र केशव पाण्डेय एवं इंटर विद्यालय चंडीनोवा के छात्र शिवम कुमार ने जूनियर बालक वर्ग की कलात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से योगासन की विभिन्न विधाओं, प्रतियोगिता की तकनीकी बारीकियों एवं कोड ऑफ पॉइंट्स के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, अभ्यास एवं प्रतियोगिता के अनुभवों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समर्पण एवं उपलब्धियों की सराहना की तथा भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है। वर्तमान समय में योग एवं प्राणायाम स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। योगासन को खेल विधा के रूप में मान्यता मिलने के बाद इस क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए करियर एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खेल एवं योगासन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में बुधौल स्थित निर्माणाधीन संजीवनी वाटिका पार्क में योगाभ्यास एवं योगासन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विशेष प्लेटफॉर्म विकसित किए जा रहे हैं। इससे जिले के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायता मिलेगी।
जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने योग प्रशिक्षक के रूप में करियर निर्माण की संभावनाओं पर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
भईया जी की रिपोर्ट