नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय करबलानगर की स्थिति जर्जर है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका इंदु कुमारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर विद्यालय के सभी कमरों, शौचालयों और चारदीवारी की मरम्मत कराने की मांग की है। जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर 100 से अधिक बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बनी हुई है।
5 में सभी 5 कमरे जर्जर
प्रभारी प्रधानाध्यापिका इंदु कुमारी ने बताया कि विद्यालय में कुल पांच कमरे हैं और सभी जर्जर हालत में हैं। विद्यालय में बने दो शौचालय अब उपयोग के लायक नहीं बचे हैं। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता है, जबकि दीवारों में दरारें आने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
चारदीवारी क्षतिग्रस्त, परिसर बना मवेशियों का चारागाह
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय की चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। चारदीवारी नहीं होने के कारण बाहरी लोगों और मवेशियों का विद्यालय परिसर में आना-जाना लगा रहता है जिससे पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ विद्यालय की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचता है।
जर्जर भवन से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित
जर्जर भवन के कारण शिक्षकों और 100 से अधिक बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों का कहना है कि जर्जर कमरों में बच्चों को बैठाकर पढ़ाना जोखिम भरा है। कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं। शौचालय जर्जर होने के कारण छात्राओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में छत से टपकता है पानी, दो कमरे किए गए बंद
प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने बताया कि बारिश के दिनों में छत से लगातार पानी टपकता रहता है जिसके कारण दो कमरों को बंद कर रखना पड़ता है। पानी टपकने की वजह से कमरे में लगा बिजली का पंखा खराब हो गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चे और शिक्षिकाएं डर के साये में रहने को मजबूर हैं। प्रधानाध्यापिका ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी बीईओ को देते हुए विद्यालय मरम्मती कराने की गुहार लगाई है।
अभिभावकों ने जल्द मरम्मती की मांग की
स्थानीय अभिभावक मो. अकरम, मो. वसीम समेत अन्य लोगों ने भी प्रशासन से विद्यालय भवन की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए बच्चों को सुरक्षित और बेहतर माहौल में शिक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है। लोगों ने विद्यालय की चारदीवारी और शौचालयों की मरम्मत कराने की मांग की है।
कहते हैं प्रभारी बीईओ
इस संबंध में प्रभारी बीईओ राकेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। विभागीय कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विद्यालय की छत की मरम्मत जल्द कराने का आश्वासन दिया है।
भईया जी की रिपोर्ट