नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने अब सख्त रुख अपना लिया है। गुरुवार को रजौली-सिरदला मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाकर ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर लगाम लगाने की कोशिश की गई। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर जुर्माना ठोका गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जांच अभियान डीटीओ नवादा रंजीत कुमार के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें आरटीओ संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने एसएच-70 पर दर्जनों ई-रिक्शा वाहनों को रोककर उनके कागजातों की गहन जांच की।
इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का फिटनेस, इंश्योरेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला गया। जांच के दौरान कई चालक नियमों का पालन करते नहीं मिले. कुछ के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, तो कुछ के वाहन के कागजात अधूरे पाए गए. परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे 10 ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 68,500 रुपये का जुर्माना वसूला। अचानक हुई इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में अफरा-तफरी मच गई और कई चालक रास्ता बदलकर भागते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रजौली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ई-रिक्शा के कारण सड़क दुर्घटनाओं में तेजी आई है. खासकर एनएच-20, एसएच-70 और ग्रामीण सड़कों पर बिना नियम के वाहन चलाने से खतरा बढ़ गया है। तीन दिन पहले फतेहपुर से रजौली आने के दौरान एक ई-रिक्शा सर्विस लेन में पलट गया था। हादसे में अंधरवारी निवासी संजय शर्मा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद समाजसेवियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
जांच के दौरान अधिकारियों को यह भी पता चला कि कई जगहों पर नाबालिग बच्चे भी ई-रिक्शा चला रहे हैं। रजौली से हरदिया, अमावां, बहादुरपुर, करिगांव, गैरिबा, अंधरवारी, परमेश्वर बिगहा और धमनी जैसे इलाकों में सैकड़ों ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं, लेकिन अधिकतर चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। बिना लाइसेंस वाहन चलाना, ओवरलोडिंग करना और गलत दिशा में सवारी ढोना आम बात हो गई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
आरटीओ संदीप कुमार ने साफ कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की इस सख्ती के बाद अब ई-रिक्शा चालकों में डर का माहौल है, वहीं आम लोगों को उम्मीद है कि इससे सड़क हादसों में कमी आएगी।
भईया जी की रिपोर्ट