नवादा : साइबर ठगी के मामले में नवादा साइबर थाना पुलिस ने बैंकिंग दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए नौ एटीएम कार्ड, एक टैब, तीन मोबाइल फोन, आठ सिमकार्ड, एक पहचान पत्र, चार बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो नोटबुक तथा आरसी कार्ड की एक छायाप्रति जब्त की है। बरामद सामान की जांच के बाद साइबर अपराध से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन, सिमकार्ड, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन बैंकिंग साधनों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल किस तरह की साइबर गतिविधियों में किया गया। साइबर डीएसपी मो. शाहनवाज अख्तर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की तकनीकी जांच कर साइबर अपराध से जुड़े कनेक्शन का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस संभावित लेन-देन, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के इस्तेमाल की जांच कर रही है। साथ ही मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।
भईया जी की रिपोर्ट

