नवादा : दमन में प्रेमी के हाथों हत्या की शिकार हुई जिले के रोह प्रखंड क्षेत्र के सिउर गांव निवासी छोटी कुमारी का अंतिम संस्कार बुधवार को सिलवासा में किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद स्वजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मृतका के पिता मनीष उपाध्याय सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। परिजनों ने नम आंखों से छोटी को अंतिम विदाई दी।
मृतका के पिता मनीष उपाध्याय ने दूरभाष पर बताया कि दमन पुलिस ने मामले में आरोपित ऋषभ की बहन डॉली कुमारी और उसके बहनोई को हिरासत में लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटी की हत्या केवल ऋषभ ने नहीं, बल्कि उसकी बहन और बहनोई ने साजिश रचकर की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। मनीष उपाध्याय का आरोप है कि छोटी करीब सात लाख रुपये मूल्य के जेवर लेकर ऋषभ के साथ गई थी।
उनका कहना है कि जेवर हड़पने की नीयत से तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने आशंका जताई कि घटना के बाद मुख्य आरोपित ऋषभ बिहार में अपने किसी रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है। उन्होंने पुलिस से उसकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की। दमन पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सिउर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट