नवादा : बुधवार शाम से बदले मौसम ने जिले में जमकर कहर बरपाया। लगातार तीन से चार घंटे हुई झमाझम बारिश ने नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव हो गया, जबकि अनेक सड़कें कीचड़ से पट गईं जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद विजय बाजार, पुरानी स्टेशन रोड, सब्जी बाजार, सदर अस्पताल परिसर, समाहरणालय के आसपास तथा अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर नालों की सफाई नहीं होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण हर बारिश में शहर जलमग्न हो जाता है। इसे लेकर नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गरज-चमक, वज्रपात तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
एक ओर जहां शहरवासियों को जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ा, वहीं किसानों ने इस बारिश को खेती के लिए राहतभरी बताया। किसानों का कहना है कि पर्याप्त वर्षा से धान की रोपनी में तेजी आएगी और खेतों में नमी बढ़ने से फसल को लाभ मिलेगा। बारिश को खेती के लिए अमृत समान बताया।
भईया जी की रिपोर्ट