नवादा : जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के एन एच 20 पर दुधैली मोड़ के पास युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ओवरब्रिज के समीप शव पड़े होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की जानकारी तुरंत नेमदारगंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से फॉरेंसिक (FSL) टीम के पहुंचने तक घटनास्थल को सील कर दिया था। मृतक की पहचान संतोष हलवाई (पिता: भोला हलवाई) के रूप में की गई है। घटना की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर-परिवार में कोहराम मच गया, स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हत्या, दुर्घटना समेत सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
भईया जी की रिपोर्ट