नई दिल्ली : बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। महीने के अंत में लगातार छुट्टियों और तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं पांच दिनों तक ठप होने की आशंका थी। इस बड़ी समस्या से आम जनता को बचाने के लिए वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देश पर एक अहम फैसला लेते हुए कहा है कि 27 सितंबर (रविवार) को अवकाश के बावजूद देश भर में बैंक शाखाएं खुली रहेंगी और सामान्य रूप से कामकाज होगा।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी प्रमुख मांगों हैं कि ‘फाइव डे बैंकिंग’ (हफ्ते में 5 दिन काम) को लेकर 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है।
इससे ठीक पहले 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी थी। यदि शनिवार और रविवार की छुट्टियों के बाद सोमवार से तीन दिन की हड़ताल रहती, तो ग्राहकों को लगातार पांच दिनों (26 से 30 सितंबर तक) तक बैंक शाखाओं से जुड़ी किसी भी सेवा का लाभ नहीं मिल पाता। ग्राहकों की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने रविवार के दिन बैंक खुले रखने का विशेष निर्णय लिया है।
– 26 सितंबर (चौथा शनिवार) को बैंक बंद रहेंगे (सामान्य अवकाश)। शनिवार के दिन बैंक खोलने को लेकर कोई विशेष आदेश जारी नहीं किया गया है, इसलिए इस दिन जाने से पहले अपनी शाखा से संपर्क जरूर कर लें।
– 27 सितंबर (रविवार) को विशेष रूप से बैंक खुले रहेंगे। सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB), क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB), बैंक कार्यालय, एटीएम से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट सामान्य रूप से कार्य करेंगे।
– 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक यूनियनों की हड़ताल के चलते देशभर में बैंकिंग कामकाज पूरी तरह प्रभावित रह सकता है।
ग्राहकों के पास चेक जमा कराने, कैश से जुड़ा कोई जरूरी काम या अन्य कोई कागजी कार्रवाई बाकी है, तो 27 सितंबर (रविवार) को आसानी से बैंक जाकर अपना काम निपटा सकते हैं। हालांकि, बैंक जाने से पहले अपनी संबंधित शाखा में फोन कर यह जरूर पता कर लें कि उस दिन कौन-कौन सी सेवाएं सुचारू रूप से मिलेंगी। वहीं, हड़ताल के इन दिनों में यूपीआई (UPI), मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से चालू रहेंगी, ताकि ग्राहकों को ऑनलाइन लेन-देन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
