नवादा : नगर में बाइक चोरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। चोरों ने एक ही रात शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देते हुए तीन मोटरसाइकिलों की चोरी कर ली। लगातार हुई इन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही रात में तीन बाइक चोरी की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस के सामने अपराधियों तक शीघ्र पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई है।
तीन इलाकों में तीन वारदात
पहली घटना नगर थाना क्षेत्र स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप हुई, जहां सैलून संचालक गौरी शंकर शर्मा की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक अज्ञात चोर चुरा ले गए। दूसरी वारदात लोहानी बिगहा मोहल्ले में हुई, जहां रौशन कुमार की स्प्लेंडर बाइक घर के बाहर से चोरी कर ली गई। तीसरी घटना न्यू एरिया स्थित हनुमान मंदिर के समीप हुई, जहां किराये के मकान में रह रहे शेखपुरा निवासी समदर्शी कुमार की ग्लैमर बाइक चोरों ने उड़ा ली। बताया गया कि बाइक उनके साले हरिओम कुमार, निवासी कुटरी, के नाम से पंजीकृत है।
पीड़ितों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
तीनों घटनाओं के बाद पीड़ित वाहन मालिकों ने नगर थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध आवेदन दिया और चोरी गई मोटरसाइकिलों की बरामदगी की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
नगर थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट