नवादा : भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24 वीं किस्त के हस्तांतरण के अवसर पर जिले में पी०एम०-किसान उत्सव दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त कृषि भवन सभागार में जिला कृषि पदाधिकारी, अजीत प्रकाश की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण देखा तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24 वीं किस्त के तहत लाभुक किसानों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया के साक्षी बने।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी श्री अजीत प्रकाश, उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण) श्री शशि शेखर, उप परियोजना निदेशक, आत्मा श्री उपेन्द्र कुमार, सहायक निदेशक (शस्य), प्रक्षेत्र श्री सत्येन्द्र कुमार, सहायक निदेशक (शस्य), बीज उत्पादन-सह-विपणन पदाधिकारी श्री रविकान्त कुमार, सहायक निदेशक (शस्य), बीज विश्लेषण श्री प्रशान्त कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, नवादा श्रीमती प्रेमलता कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आत्मा सुश्री कृतिका भावना तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी, जैविक डॉ. अंशु कुमार सहित कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पात्रता, योजना के लाभ, ई-केवाईसी, आधार एवं एनपीसीआई लिंकिंग तथा निर्धारित समय पर किस्त की राशि प्राप्त करने से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ दी गईं। साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती, खेत बचाओ अभियान एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया गया।

वहीं, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में कृषि विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, प्रखंड तकनीकी प्रबंधकों, सहायक तकनीकी प्रबंधकों, कृषि समन्वयकों तथा किसान सलाहकारों द्वारा किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों, फसल प्रबंधन एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट

