नवादा : सोशल मीडिया पर रील बनाने और लाइक्स-व्यूज बटोरने का खुमार इस कदर हावी हो चुका है कि युवा अब दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला रोह बाजार से सामने आया है, जिसका एक खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बेकाबू बाइक सवार रील बनाने के चक्कर में व्यस्त बाजार के बीचों-बीच काफी तेज रफ्तार में ‘लहरिया कट’ मारते हुए स्टंट बाजी कर रहे हैं।
इसी दौरान सड़क पार कर रहा एक मासूम बच्चा इन स्टंटबाजों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अगर एक सेकेंड की भी चूक होती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था और मासूम की जान जा सकती थी। बाजार में खुलेआम हो रही इस तरह की स्टंटबाजी से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि आए दिन ये सिरफिरे युवक बाजार की भीड़भाड़ वाली सड़कों पर खतरनाक तरीके से गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे हर वक्त किसी अनहोनी का डर बना रहता है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर इन बाइक सवारों की पहचान कर उन पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर ऐसे रीलबाजों और अनियंत्रित वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जाए, ताकि भविष्य में किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट