नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत रसलपुर पंचायत के पश्चिमी बेलदारी गांव में विषैले सांप के डसने से आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल है। दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बेलदारी गांव निवासी संजय चौहान के 12 वर्षीय पुत्र चिंटू कुमार और आठ वर्षीय पुत्री सरस्वती कुमारी अपने घर में अलग-अलग खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान एक विषैला सांप घर में घुस आया और दोनों बच्चों को डस लिया। परिजनों ने तुरंत दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया, जहां से उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पावापुरी में इलाज के दौरान आठ वर्षीय सरस्वती कुमारी की मौत हो गई, जबकि चिंटू कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। परिजनों ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर लिया था और उसे अस्पताल भी ले गए थे। बालिका के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। एक ही रात में हुई इस घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलने पर रजौली विधायक विमल राजवंशी, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र राजवंशी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता और बीडीओ अश्वनी कुमार पीड़ित परिवार के घर पहुंचे तथा शोक संवेदना व्यक्त की। बीडीओ ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपदा राहत योजना के तहत पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट