नवादा : जिला परियोजना प्रबंधक(जीविका), श्री चन्दन कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त तत्वावधान में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना एवं गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “जीविका से जुड़ी महिलाएं, जिन्हें मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त की प्राप्ति हो चुकी है, इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनेंगी और उनकी आय में सतत वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित होगी।” उन्होंने बताया कि इच्छुक जीविका दीदियां jsbk.brlps.in पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
लाभार्थियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन रैंडम लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। योजना के तहत चयनित महिलाओं को सरकार की ओर से ₹60,000 तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि लाभार्थी द्वारा ₹15,000 का अंशदान किया जाएगा। इस राशि से डीप फ्रीजर, कूलर, दुकान की ब्रांडिंग, परिवहन सहायता तथा दुकान की मरम्मत/पेंटिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कुल निवेश ₹75,000 निर्धारित है।
योजना का लाभ केवल जीविका स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को मिलेगा। आवेदिका का संबंधित पंचायत की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है तथा पंचायत क्षेत्र में कम से कम 70 वर्गफुट की पक्की दुकान (स्वयं की अथवा किराये पर) उपलब्ध होना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह योजना न केवल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देगी, बल्कि दुग्ध उत्पादों की खपत और स्थानीय बाजार को भी मजबूत करेगी। इससे पशुपालन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
भईया जी की रिपोर्ट