नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के बाद मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के वितरण में गंभीर अनियमितता बरते जाने के मामले सामने आए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रखंड अध्यक्ष अनुप कुमार ने प्रखंड समन्वयक सतीश कुमार पर नियमों की अनदेखी कर प्रोत्साहन राशि वितरण में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। अनुप कुमार ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभुकों को शौचालय निर्माण के बाद सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
उनका आरोप है कि रजौली प्रखंड में कई पंचायतों के दर्जनों लाभुकों को बिना शौचालय निर्माण के ही नाजायज राशि लेकर प्रोत्साहन राशि का भुगतान कर दिया गया। साथ ही, कथित रूप से एक ही लाभुक को कई बार प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने दावा किया कि अमावां पूर्वी पंचायत की लाभुक संगीत देवी, पति अशोक चौधरी (आईडी संख्या: 5381040BC) तथा रिंकू देवी, पति संजय राजवंशी (आईडी संख्या: 5433136BC) को कथित रूप से दोबारा प्रोत्साहन राशि का लाभ देकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।
राजद प्रखंड अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, रजौली को लिखित शिकायत किया है। उन्होंने बताया कि यदि जिला एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा एक सप्ताह के भीतर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे भ्रष्टाचार के विरोध में अनिश्चितकालीन अनशन एवं आंदोलन शुरू करेंगे।
भईया जी की रिपोर्ट