नवादा : बिजली विभाग की घोर लापरवाही के कारण जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में एक और परिवार उजड़ गया। मसौढ़ा पंचायत की कुझा गांव में गुरुवार की शाम 11 हजार वोल्ट के जर्जर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 48 वर्षीय पशुपालक सरयुग यादव उर्फ जागो यादव की मौके पर मौत हो गई। घटना शाम करीब 5 बजे की है। सरयुग यादव, पिता स्वर्गीय कारु यादव, बधार में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान वे पोल के पास लटके हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े और उनकी तत्काल मौत हो गई।
हादसे के बाद मृतक की पत्नी सोनी देवी, पांच बेटियों और 10 वर्षीय बेटे छोटू कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन बेटियां अभी अविवाहित हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले की मौत से पूरा घर बेसहारा हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। मुखिया प्रतिनिधि राजेश चौहान और अन्य समाजसेवियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। राजेश चौहान, जिला पार्षद देवानंद कुमार, चंदन यादव और सतीश चौहान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ से बात कर पारिवारिक लाभ और आपदा प्रबंधन कोष से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।
सूचना पर एएसआई मिथिलेश कुमार और एएसआई आर. कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि इस क्षेत्र में 11 हजार का तार लंबे समय से झूल रहा था। इसकी शिकायत बिजली विभाग से कई बार की गई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। मुखिया प्रतिनिधि ने कहा कि इस लापरवाही के खिलाफ बिजली विभाग पर मुकदमा दायर कराया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट