नवादा : जिले के नगर थाना क्षेत्र के खरीदी बिगहा पुल के समीप हुई बाइक लूट की घटना का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर लूटी गई बाइक के साथ घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की सुबह करीब 2 बजे खरीदी बिगहा पुल के पास एक व्यक्ति से अज्ञात अपराधियों ने उसकी बाइक लूट ली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। तकनीकी अनुसंधान के दौरान गोंदापुर पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध युवक बाइक के साथ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोंदापुर खरीदी बिगहा निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 700/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
भईया जी की रिपोर्ट