नवादा : जिले के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने जिले में नए केंद्रीय विद्यालय के संचालन को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यालय की शुरुआत होगी। पहले चरण में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू की जाएगी और आगे चरणबद्ध तरीके से अन्य कक्षाएं भी जोड़ी जाएंगी। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से 7 जुलाई 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, जिले में नए केंद्रीय विद्यालय के संचालन को स्वीकृति मिल गई है। यह विद्यालय नागरिक क्षेत्र (सिविल सेक्टर) के अंतर्गत संचालित होगा।
विभागीय जानकारी के अनुसार, विद्यालय का संचालन फिलहाल राजकीयकृत कन्हाय इंटर विद्यालय परिसर से किया जाएगा। प्रायोजक प्राधिकरण की ओर से केंद्रीय विद्यालय के पक्ष में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। विद्यालय में शुरुआती चरण में कक्षा 1 से 5 तक एक-एक सेक्शन संचालित किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकता, स्वीकृति और उपलब्ध अनुदान के आधार पर क्रमिक रूप से उच्च कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
कार्यालय आदेश के अनुसार, भूमि, भवन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 30 दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे नवादा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय की शिक्षा का लाभ मिल सकेगा। नए केंद्रीय विद्यालय के शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय संगठन की शिक्षा व्यवस्था का लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूसरे जिलों पर निर्भरता कम होगी।
भईया जी की रिपोर्ट