नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड थाली थाना क्षेत्र के पहरैठा गांव में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस बात पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने गांव के तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
पीड़िता ने चाकू के बल पर दुष्कर्म का लगाया आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 27 जून की शाम वह घर के समीप खजूर तोड़ने गई थी। इसी दौरान गांव के तीन युवकों ने कथित तौर पर चाकू के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह बेहोशी की हालत में घटनास्थल पर पड़ी रही।
ग्रामीणों ने परिजनों को दी सूचना
बताया गया कि गांव के दो युवकों ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता को दर्द से कराहते देखा। पहचान के बाद उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे घर ले गए और बाद में पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सदर अस्पताल किया स्थानांतरित
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए गोविंदपुर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मुम्ताजुल हक ने बताया कि मामला गंभीर प्रतीत होने पर प्राथमिक जांच के बाद पीड़िता को बेहतर इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
तीन के खिलाफ प्राथमिकी, दो हिरासत में
28 जून को पीड़िता का बयान न्यायालय में दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुराने जमीन विवाद की हो रही जांच
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पारिवारिक संबंध रहे हैं तथा वर्ष 2024 और मई 2026 में जमीन विवाद को लेकर मारपीट के मामले दर्ज हुए थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य
पुलिस के अनुसार मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया है। मेडिकल परीक्षण और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट