नवादा : जिले के रजौली में असावधानी के कारण हुए हादसे की खबर सामने आई है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोमस ऋषि पहाड़ी के समीप टेंपो सीखने के दौरान अनियंत्रित टेंपो पलटने से टेंपो पर सवार दो किशोरों में से एक की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि दूसरा किशोर जिंदगी मौत से संघर्ष कर रहा है। सुनसान इलाका होने के कारण काफी देर बाद पुलिस और परिजनों को हादसे की भनक लगी।
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
पुलिस की मौजूदगी के बीच दोनों किशोरों को अस्पताल लाया गया, जहां कोहराम मच गया। दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले किशोर की पहचान डीह रजौली निवासी महेश पासवान के 16 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में की गई है। वह अपने परिवार का चिराग था। हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे किशोर की पहचान सनोज पासवान के 15 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है, जिसके शरीर और सिर पर चोटें आई हैं।
दुर्घटना स्थल घर से दूर होने के कारण तड़पता रहा किशोर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों किशोर घर से टेंपो चलाने की प्रैक्टिस करने की बात कहकर वाहन लेकर निकले थे। लोमस ऋषि पहाड़ी के पास तीखे मोड़ और संतुलन बिगड़ने के कारण टेंपो बीच सड़क पर पलट गयी। चूंकि दुर्घटना स्थल मुख्य आबादी से दूर और काफी सुनसान इलाके में था, इसलिए काफी देर तक दोनों वहां लहूलुहान हालत में पड़े रहे। परिजनों को जैसे ही इस हादसे की सूचना मिली, वे तुरंत रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज हेतु अनुमंडलीय अस्पताल रजौली लेकर आए।
अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अस्पताल में डॉ. सूरज कुमार ने परीक्षण के बाद बताया कि मुकेश कुमार को जब अस्पताल लाया गया, तो वह मृत अवस्था में था। गंभीर रूप से घायल प्रिंस कुमार का प्राथमिक इलाज कर बेहतर न्यूरो व अन्य इलाज हेतु सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुकेश की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर चीत्कारों से गूंज उठा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस बावत रजौली थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तुरंत अस्पताल परिसर और घटनास्थल पर मुस्तैद कर दिया गया। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर नियमों के तहत आगे की छानबीन और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट