नवादा : साइबर थाना की पुलिस ने सस्ते दर पर लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साइबर डीएसपी ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल पर मिले इनपुट के आधार पर गठित एसआईटी टीम ने वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चकवाय में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिपु उर्फ दीपक कुमार (30 वर्ष), पिता भोनू राम उर्फ भुवनेश्वर राम तथा अजीत कुमार (25 वर्ष), पिता सुभाष सिंह, दोनों निवासी चकवाय थाना वारिसलीगंज के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी बजाज फाइनांस, धनी फाइनांस, मुद्रा फाइनांस एवं इस्लामिक बैंक के नाम पर लोगों को कम ब्याज दर में लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच स्मार्ट मोबाइल और एक सिम कार्ड बरामद किया है। कार्रवाई में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक बलवीर कुमार सिंह, पुअनि अक्षय कुमार गुप्ता, प्रपुअनि आलोक कुमार, बीएचजी बालमुकद कुमार, बीएचजी सचिन कुमार तथा चालक सिपाही सुभाष कुमार शामिल रहे।
भईया जी की रिपोर्ट