नवादा : मानसिक रोगियों हेतु सदर अस्पताल में विधिक जागरूकता सदर अस्पताल, परिसर में मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाओं से संबंधित विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अमन जैन, पी०एल०वी० मो० नेशात खान, सदर अस्पताल के पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
अपने संबोधन में श्री अमन जैन ने कहा कि मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाएँ न्याय, सम्मान एवं समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार, गैर-सरकारी संगठनों एवं कानूनी सहायता संस्थाओं को मिलकर ऐसी व्यवस्थाएँ विकसित करनी चाहिए, जो सुलभ, संवेदनशील एवं प्रभावी हों। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता, शिक्षा तथा कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन ही इन व्यक्तियों के अधिकारों एवं कल्याण की रक्षा का आधार है।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति अपनी असहाय स्थिति के कारण न्याय तक पहुँचने तथा उचित देखभाल प्राप्त करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हैं। उनकी गरिमा की रक्षा, अधिकारों की सुरक्षा एवं पुनर्वास में सहायता प्रदान करने में कानूनी सेवाएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री अमन जैन, पी०एल०वी० मो० नेशात खान, सदर अस्पताल के पदाधिकारीगण, कर्मी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट