नवादा : जिला मुख्यालय समेत विभिन्न क्षेत्रों में नाबालिगों द्वारा बाइक व ई-रिक्शा चलाने का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। बाजार में कई स्कूली छात्र बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। कई कम उम्र के किशोर ई-रिक्शा चलाकर सवारी ढोते दिखाई दे रहे हैं। भीड़भाड़ और जाम के बीच नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बुद्धिजीवियों का कहना है कि कई अभिभावक स्कूल और कोचिंग के नाम पर बच्चों को बाइक दे रहे हैं, जबकि उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं है।
ट्रैफिक नियमों की हो रही अनदेखी
बाजार क्षेत्र में बिना हेलमेट तेज रफ्तार से बाइक चलाने और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम हो गई है। अनुभव की कमी के कारण नाबालिग ई-रिक्शा चालक अचानक वाहन मोड़ देते हैं या बीच सड़क पर रोक देते हैं, जिससे जाम और हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार कई छोटी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, बावजूद स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है। लोगों ने प्रशासन से विशेष वाहन जांच अभियान चलाने, नाबालिग चालकों पर कार्रवाई करने और अभिभावकों के खिलाफ सख्ती बरतने की मांग की है। उनका मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े हादसे जो लगातार हो रहा है रोक पाना असम्भव हो जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट