नवादा : जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के पसिया कॉलोनी में 20 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गांव निवासी लखन राम की नतीनी विवाहिता मधु कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद बिना पुलिस को सूचित किए परिजनों ने शव को दफना दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार मधु कुमारी पांच दिन पूर्व गुजरात से अपने बीमार नाना-नानी को देखने गांव आई थी।
मोबाइल पर पति से विवाद के बाद लगायी फांसी
बताया जाता है कि मोबाइल पर पति से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने कमरे में जाकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को आशंका हुई। खिड़की से झांककर देखा तो मधु का शव कमरे में छत के पंखे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया।
कब्र से शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया
घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के बीमार नाना ने बताया कि घटना के बाद परिवार के लोगों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। जिसके कारण बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया गया। उन्होंने कहा कि यह बड़ी भूल थी और पुलिस को तत्काल सूचना देनी चाहिए थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
भईया जी की रिपोर्ट