नवादा : डीएम रवि प्रकाश ने जिला निबंधन कार्यालय परिसर स्थित रत निर्मित प्रतीक्षालय भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं कार्यालय की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। विदित हो कि जिला स्कोर सोसाइटी द्वारा एलएइओ के माध्यम से लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निबंधन कार्य हेतु आने वाले आगंतुकों की सुविधा के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय एवं शौचालय का निर्माण कराया गया है, जिसका शुभारंभ किया गया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने प्रतीक्षालय भवन में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रतीक्षालय में आने वाले आमजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निबंधन पदाधिकारी को एक टीवी लगाने का निर्देश दिया, ताकि प्रतीक्षारत नागरिकों को आवश्यक सूचनाएं एवं जनहित से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। डीएम ने प्रतीक्षालय भवन एवं वहां उपलब्ध संसाधनों की सुरक्षा, रख-रखाव एवं समुचित देखरेख सुनिश्चित करने हेतु एक गार्ड की प्रतिनियुक्ति कराने का निर्देश निबंधन पदाधिकारी को दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम द्वारा निबंधन कार्य से संबंधित कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया।
उन्होंने निबंधन प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, ऑनलाइन कार्य प्रणाली एवं कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निबंधन कार्य पूरी पारदर्शिता, तत्परता एवं समयबद्ध तरीके से संपादित किया जाए। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर अमित अनुराग, निबंधन पदाधिकारी अजय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट