– मामूली कहासुनी ने लिया बड़ा रूप, गांव में तनाव के बाद पुलिस बल तैनात
नवादा : जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के खनपुरा गांव में मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार श्यामदेव यादव के 15 वर्षीय पुत्र विक्रम यादव और मो मोजीम मिस्त्री के पुत्र मो दिलशान के बीच लूडो खेलने को लेकर कहासुनी हुई। शुरुआत में इसे सामान्य विवाद मानकर नजरअंदाज कर दिया गया, लेकिन धीरे-धीरे मामला बढ़ता गया और दोनों पक्षों के परिजन विवाद में शामिल हो गये।
बताया जाता है कि मो मोजीम मिस्त्री के पुत्र मो दिलबर और रिंकु देवी, पति रंजीत यादव के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गये और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गये। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। महिलाएं और बच्चे भयभीत हो गये, जबकि कई लोग खुद को सुरक्षित रखने के लिए घरों में दुबक गये।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा, बीडीओ राधा रमण मुरारी व सीओ संजय कुमार प्रसाद मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामले को शांत कराया।
एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की पुनः घटना को रोका जा सके। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
भईया जी की रिपोर्ट