नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र के परनाडाबर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आहर के गहरे पानी में जा गिरा, जिससे डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के गांव कांटी में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांटी गांव निवासी स्वर्गीय किशोरी विश्वकर्मा के पुत्र संतोष कुमार उर्फ अंकुश अपने साथी सोनू कुमार के साथ बाइक से खटांगी गांव जा रहा था। मुरली मोड़ से दक्षिण छत्र बांध आहर के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार संतोष सीधे आहर के गहरे पानी में जा गिरा, जबकि पीछे बैठे सोनू कुमार आहर के किनारे गिरने के कारण मामूली चोटों के साथ बाल-बाल बच गया।
पुलिस और ग्रामीणों ने निकाला शव
हादसे की सूचना मिलते ही परनाडाबार थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार और एसआई संतोष कुमार सिंह डायल 112 की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने अंधेरे में आहर के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद संतोष को पानी से बाहर निकालकर सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉ. उपेंद्र कुमार ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, युवक के सर में गंभीर चोट लगी थी और फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण उसकी जान चली गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
36 वर्षीय संतोष कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, घायल सोनू कुमार का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट