नवादा : रजौली पुलिस को नशा कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अनुमंडल मुख्यालय स्थित एक दवा दुकान में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दवा दुकान की आड़ में गांजा की बिक्री करने वाले रजौली प्रखंड दवा विक्रेता संघ के सचिव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तलाशी के दौरान दुकान से कुल 1424 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रजौली थाना निवासी करणपुर निवासी रामबालक प्रसाद यादव के पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। संतोष कुमार न केवल संतोष मेडिकल हॉल के प्रोपराइटर हैं, बल्कि वे रजौली प्रखंड दवा विक्रेता संघ के सचिव पद पर भी कार्यरत थे। मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एक प्रतिष्ठित पद पर आसीन व्यक्ति की इस तरह की संलिप्तता सामने आने के बाद स्थानीय दवा विक्रेताओं और व्यवसायियों में भारी मायूसी और हड़कंप देखा जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो।
भईया जी की रिपोर्ट