नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में 15वें वित्त आयोग एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग की राशि के व्यय के संबंध में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री नवीन कुमार पांडेय द्वारा प्रखंडवार व्यय की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
समीक्षा के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि नरहट, गोविंदपुर, मेसकौर एवं रोह प्रखंडों में 15 वें वित्त आयोग की राशि का व्यय 50 प्रतिशत से भी कम है। वहीं नरहट, हिसुआ, वारिसलीगंज एवं सिरदला प्रखंडों में षष्ठम राज्य वित्त आयोग की राशि का व्यय 60 प्रतिशत से भी कम पाया गया।
इस स्थिति पर गंभीरता व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया कि अव्यवहृत राशि के विरुद्ध योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी दो सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ योजनाओं में भुगतान करना सुनिश्चित करें। बैठक में गोपनीय शाखा प्रभारी के साथ-साथ सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट