नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में मंडल कारा में बंदी दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। बंदी दरबार के दौरान उपस्थित बंदियों द्वारा अपनी समस्याएँ एवं सुझाव जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस क्रम में बंदी अतुल कुमार द्वारा मंडल कारा में एक संगीत शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया गया। वहीं बंदी सौरभ कुमार एवं अन्य बंदियों द्वारा चापाकलों की मरम्मत तथा नए चापाकल की स्थापना की मांग की गई, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी जलापूर्ति सुचारू रूप से बनी रहे।
जिला पदाधिकारी ने बढ़ती गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त चापाकल स्थापित करने एवं खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। इसके अतिरिक्त अन्य बंदियों द्वारा भी विभिन्न समस्याएँ रखी गईं, जिन पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान मंडल कारा में बंद बंदी जितेंद्र कुमार सिन्हा द्वारा जिला पदाधिकारी को एक स्केच पेंटिंग भेंट की गई। वहीं मंडल कारा के दो बंदियों द्वारा मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर उन्हें जिला पदाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा मंडल कारा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला खंड में वृक्षारोपण किया तथा महिला बंदियों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही कारा के पाकशाला (रसोईघर) का निरीक्षण कर गैस सिलेंडर की आपूर्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त कारा परिसर में स्थित तालाब का निरीक्षण कर उसके समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अधीक्षक मंडल कारा, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल नवादा, सहायक अभियंता, पीएचईडी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट