नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र के परनाडाबर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। मुरली मोड़ के पास छत्र बांध आहर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक आहर में जा गिरा और गहरे पानी में डूबने से उसकी जान चली गयी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांटी गांव निवासी स्वर्गीय किशोरी विश्वकर्मा के पुत्र संतोष कुमार उर्फ अंकुश अपने साथी सोनू कुमार के साथ बाइक से खटांगी गांव जा रहा था। शाम के समय जब वे छत्र बांध आहर के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सीधे आहर में जा गिरी। हादसे में पीछे बैठा सोनू कुमार आहर के किनारे गिरने के कारण मामूली रूप से घायल हुआ, जबकि बाइक चला रहे संतोष कुमार गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परनाडाबर थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार और एसआइ संतोष कुमार सिंह 112 डायल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आहर में काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। तत्काल इलाज के लिए सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ उपेंद्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर के अनुसार, युवक के सिर पर गंभीर चोट थी और वह काफी देर तक पानी में डूबा रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घायल सोनू कुमार का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट