बिहार विधान परिषद भर्ती विवाद में तब एक और नया मोड़ सामने आया जब आज बुधवार को LDC और निजी सहायक के कुल 37 पदों के लिए दोबारा हुई परीक्षा में, इसके लिए पूर्व में ली गई परीक्षा में पास, कोई भी अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ। दरअसल बिहार विधान परिषद में हुई बहाली मामले में विवाद के बाद आज बुधवार को दोबारा परीक्षा का आयोजन किया गया। परिषद परिसर में आयोजित परीक्षा में कोई भी पूर्व में सफल घोषित अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ। परिषद में 30 एलडीसी पदों और पीए के 7 पदों पर बहाली के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया था। लेकिन इस भर्ती घोटाला मामले में दोबारा आयोजित परीक्षा में भी एक भी अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ।
परीक्षा हॉल में सीटें रही खाली
आज आयोजित परीक्षा में LDC और निजी सहायक पद के अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति ने भर्ती प्रक्रिया पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आज परीक्षा निर्धारित समय समाप्त हो गई, लेकिन दोनों पदों के लिए कोई अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा। बताया गया कि आज पहले चरण में LDC पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 30 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन इनमें से एक भी पूर्व में पास कैंडिडेट परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचा। परीक्षा का समय समाप्त होने तक सभी सीटें खाली रहीं। इसी तरह आज दूसरी पाली में निजी सहायक पद के लिए परीक्षा निर्धारित थी। इसके लिए कुल 7 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। लेकिन यहां भी एक भी अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा। इस तरह दोबारा आयोजित परीक्षा में LDC और निजी सहायक, दोनों पदों के लिए अभ्यर्थियों की शत-प्रतिशत अनुपस्थिति रही।
विप भर्ती पर खड़े हुए सवाल
विधान परिषद भर्ती घोटाला मामले में दोबारा परीक्षा आयोजित किए जाने के बावजूद अभ्यर्थियों के शामिल नहीं होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी क्यों बनाई। क्या इसके पीछे कोई सामूहिक फैसला है या फिर भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के मन में कोई आशंका है। इन सवालों और पूरे मामले में अब बिहार विधान परिषद के सभापति के अगले कदम पर सबकी नजर है। माना जा रहा कि आने वाले दिनों में परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी फैसला किया जा सकता है।
