नवादा : जिले के नेमदारगंज बाजार में मिठाई कारोबारी विकास कुमार उर्फ उत्तम को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किये जाने की घटना के विरोध में बुधवार को व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. दिन भर बाजार पूरी तरह बंद रहा। घटना के विरोध में दोपहर बाद सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और व्यवसायी सड़क पर उतर आये। लोगों ने बाजार में टायर जलाकर प्रदर्शन किया और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश दिखा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गोलीकांड के बाद अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंताजनक है। बाजार में एक कारोबारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, लेकिन घटना में शामिल अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इससे व्यवसायियों और आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
घायल विकास कुमार उर्फ उत्तम की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर उनके भाई ने बताया कि उत्तम अभी भी वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत स्थिर है। परिवार के लोग उनके बेहतर स्वास्थ्य और जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं। घटना के बाद से परिजन काफी परेशान और उनके इलाज को लेकर चिंतित हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने एकजुट होकर नारे लगाये कि जब तक विकास कुमार उर्फ उत्तम को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनकी आवाज बुलंद रहेगी। स्थानीय लोगों ने गोली चलाने वाले अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, दोषियों को कड़ी सजा, पीड़ित को बेहतर इलाज और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
लोगों ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से नेमदारगंज बाजार और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। गोलीकांड के बाद जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद जनप्रतिनिधियों की ओर से पीड़ित परिवार से मुलाकात करने या सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया देने की जानकारी सामने नहीं आयी है। लोगों ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार को सहयोग और संवेदना की जरूरत है।
क्षेत्रीय मुखिया उदय यादव और राजद जिलाध्यक्ष पीड़ित परिवार के साथ देखे गये। व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन बाजार बंद जारी रहेगा। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। नेमदारगंज गोलीकांड को लेकर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू पर बारीकी से नजर रख रही है. सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल जांच पूरी होने से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गोलीकांड में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट