नवादा : आगामी संभावित चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की कवायद शुरू हो गयी है। भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर फोटो निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके तहत जिले में भी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जायेगी। समाहरणालय की जनसंपर्क शाखा से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद मतदाता अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या सूची में दर्ज किसी तरह की त्रुटि में सुधार कराने के लिए दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से इस अवधि में अपनी प्रविष्टियों की जांच करने और जरूरत के अनुसार सुधार कराने की अपील की है।
मतदाताओं की सुविधा और अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दो चरणों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किये जायेंगे। पहला अभियान 21 और 22 नवंबर को, जबकि दूसरा अभियान 5 और 6 दिसंबर 2026 को चलेगा। इन दिनों मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज करायी जा सकेंगी।
निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर 2026 तक किया जायेगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम फोटो निर्वाचक सूची प्रकाशित की जायेगी। निर्वाचन विभाग ने योग्य मतदाताओं से पुनरीक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट