नवादा : जिले में अवैध बालू, पत्थर और कोयले के खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक सात महीनों में विभाग ने अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान जिले में कुल 1476 स्थानों पर छापेमारी की गयी। कार्रवाई में 113 प्राथमिकी दर्ज की गयीं और 63 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, अवैध खनन और परिवहन में इस्तेमाल किये जा रहे 292 वाहनों को जब्त किया गया।
जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन ने बताया कि सात महीनों में बालू, पत्थर और मिट्टी मिलाकर कुल 77,688.18 घनफीट खनिज जब्त किया गया। विभाग ने इस अवधि में 1072.54 लाख रुपये की वसूली दर्ज की, जबकि 515.68 लाख रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। इस तरह वसूली और अधिरोपित अर्थदंड की कुल राशि 15.88 करोड़ रुपये के करीब होती है।
अक्टूबर 2026 में खनन विभाग ने 252 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 16 प्राथमिकी दर्ज की गयीं और 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अवैध खनन और परिवहन में इस्तेमाल किये जा रहे 36 वाहन जब्त किये गये। इनमें 31 बालू लदे और पांच पत्थर लदे वाहन शामिल हैं। अक्टूबर में कुल 4275 घनफीट खनिज जब्त किया गया, जिसमें 1166 घनफीट बालू और 3109 घनफीट पत्थर शामिल हैं। इसके अलावा कोयला लदे आठ वाहन पकड़े गये। इस महीने 155.15 लाख रुपये की वसूली दर्ज की गयी, जबकि 75.19 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में सबसे अधिक 35,023.73 घनफीट खनिज जब्त किया गया। इसमें 20,848 घनफीट बालू और 14,175.73 घनफीट पत्थर शामिल हैं। इस महीने 209 स्थानों पर छापेमारी की गयी, 18 प्राथमिकी दर्ज हुईं और नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया, वहीं, 37 वाहन जब्त किये गये।
जुलाई में विभाग ने 284 स्थानों पर छापेमारी की, जो सात महीनों में सबसे अधिक है। इस दौरान 17 प्राथमिकी दर्ज की गयीं और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 42 वाहन जब्त किये गये तथा 17,815.43 घनफीट खनिज बरामद किया गया।
अप्रैल 2026 में विभाग ने 127 स्थानों पर छापेमारी कर 18 प्राथमिकी दर्ज कीं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इस दौरान 52 वाहन जब्त किये गये। मई में 124 स्थानों पर छापेमारी हुई। 15 प्राथमिकी दर्ज की गयीं और 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस महीने 55 वाहन जब्त किये गये।
अगस्त में 243 स्थानों पर छापेमारी के दौरान 11 प्राथमिकी दर्ज की गयीं और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस महीने 32 वाहन जब्त किये गये. वहीं, सितंबर में 237 स्थानों पर छापेमारी की गयी। इस दौरान 18 प्राथमिकी दर्ज हुईं और तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई। विभाग ने 38 वाहन जब्त किये।
बालू और पत्थर के साथ कोयले के अवैध परिवहन पर भी विभाग ने कार्रवाई की। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सात महीनों में कुल 21 कोयला लदे वाहन पकड़े गये। इन वाहनों पर लदे कोयले की कुल मात्रा 963.06 मीट्रिक टन बतायी गयी है। इससे साफ है कि खनन विभाग की निगरानी अवैध खनिज परिवहन के विभिन्न मामलों पर बनी हुई है।
भईया जी की रिपोर्ट