नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र की कलाली गली में घरेलू कलह से आहत एक बर्तन कारोबारी ने गेहूं में डालने वाली सल्फास दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अनुमंडलीय अस्पताल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, रास्ते में फतेहपुर के पास एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गयी। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मौत की पुष्टि की। मृतक की पहचान पिंटू ठठेरा (42), पिता सुरेंद्र प्रसाद ठठेरा, निवासी कलाली गली के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिंटू ठठेरा पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद से परेशान था। इसी से आहत होकर उसने गेहूं में डालने वाली दवा खा ली. कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग परेशान हो गये।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. श्यामनंदन प्रसाद ने बताया कि मरीज की पहचान कलाली गली निवासी पिंटू ठठेरा के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के दौरान उसे उल्टी करायी गयी, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, नवादा ले जाने के दौरान फतेहपुर के पास एंबुलेंस में उसकी मौत हो गयी। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद मौत की पुष्टि की।
पिंटू ठठेरा अपने पीछे पत्नी, 21 वर्ष की बेटी और 16 व 10 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गये हैं। वे आसपास के गांवों में घूम-घूमकर बर्तन बेचते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के अनुसार, वह पिछले करीब 25 वर्षों से रजौली में किराये के मकान में रह रहे थे। मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बुधवार की सुबह परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार किया। इस बावत थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट