नवादा : जिले के नेमदारगंज बाजार में मिठाई कारोबारी विकास कुमार उर्फ उत्तम कुमार को गोली मारकर जख्मी किये जाने की घटना के विरोध में व्यवसायियों ने बुधवार को बाजार बंद रखने का ऐलान किया है। व्यवसायियों ने गोलीकांड में शामिल आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मंगलवार को घटनास्थल पर जांच टीम और डॉग स्क्वायड पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाये।
घटना के बाद सोमवार की शाम नेमदारगंज बाजार के व्यवसायियों की बैठक हुई थी। इसमें सर्वसम्मति से गोलीकांड में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की गयी थी। मंगलवार को व्यवसायियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। व्यवसायियों का कहना है कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। इसी क्रम में बुधवार को सभी दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया।
मंगलवार को जांच टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने और घटना की परिस्थितियों की जांच की। इधर, पुलिस आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट