बेगूसराय के चकिया में चार महीने पहले गैंगरेप की शिकार हुई एक महिला पर बीती रात दरिंदों ने जानलेवा हमला किया और उसे घर की छत से करीब 15 फीट नीचे फेंक दिया। गैंगरेप के आरोपी दरिंदे उसपर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। बीती रात बदमाशों ने हत्या की नीयत से उसे घर की छत से करीब 15 फीट नीचे फेंक दिया। चार महीने पहले गैंगरेप का दर्द झेल चुकी पीड़िता छत से नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे गंभीर अवस्था में बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोप है कि केस वापस लेने का दबाव बना रहे बदमाशों ने महिला को उसके ही घर की छत से नीचे फेंक दिया।
घटना चकिया थाना क्षेत्र में घटी और महिला फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि 11 जून की रात इसी महिला के साथ पांच आरोपियों ने गैंगरेप किया था। इस दौरान दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपियों ने महिला के गुप्तांग में लकड़ी का टुकड़ा डाल दिया था। मामले में पांच में से चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि पांचवां आरोपी बाहर था। पीड़िता के पति का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। कई बार घर पहुंचकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
पीड़िता के पति ने बताया कि बीती रात बदमाश अचानक उसके घर पहुंचे और पहले उन्होंने पास में ही उसके भाई के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और छिपकर बैठ गए। कुछ देर बाद जब उसकी भाभी ने दरवाजा खुलवाने के लिए पीड़िता को फोन किया तो महिला अपने कमरे से बाहर निकली। इसी दौरान दो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और घर की छत पर ले गए। आरोप है कि वहां से बदमाशों ने महिला को नीचे फेंक दिया। 15 फीट नीचे गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोग जुटने लगे तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के पति का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। वहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बदमाश सरकारी सहायता के रूप में मिले तीन लाख रुपये को लेकर भी दबाव बना रहे थे। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
