नवादा : जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के एक अनोखे खेल का खुलासा किया है। तस्करों ने बोलेरो की छत में गुप्त तहखाना बनाकर सैकड़ों लीटर टेट्रा पैक विदेशी शराब छिपा रखी थी। बिहार-झारखंड सीमा पर गोविंदपुर जांच चौकी पर तलाशी के दौरान इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने झारखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन और शराब जब्त कर ली है।
दरअसल, साउथ की फिल्म ‘पुष्पा’ में भी चंदन की लकड़ी की तस्करी के लिए गाड़ियों में इसी तरह गुप्त तहखाने बनाकर लकड़ियां छिपाने का तरीका दिखाया गया था। अब शराब तस्करी के लिए भी इसी तरह की तरकीब अपनाई जा रही है। उत्पाद पुलिस ने गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी पर कार्रवाई करते हुए इस तस्करी की नयी तरकीब का पर्दाफाश किया।
जांच के दौरान टीम को बोलेरो संदिग्ध लगी। इसके बाद जब गाड़ी की छत की जांच की गई तो उसमें गुप्त तहखाना मिला। पुलिस ने छत को काटकर अंदर छिपाई गई शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान झारखंड से आ रही बोलेरो के चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बोकारो स्टील सिटी निवासी रोहन साव और जमुआ निवासी मोहम्मद असलम के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया है।
जांच में सामने आया कि तस्करों ने बोलेरो को इस तरह मॉडिफाई कराया था कि उसकी छत के अंदर गुप्त जगह बनाई जा सके। बाहर से देखने पर गाड़ी बिल्कुल सामान्य दिखाई देती थी, लेकिन उसके ऊपरी हिस्से में शराब छिपाने के लिए तहखाना तैयार किया गया था।तस्करों ने इसी खास इंतजाम के जरिए बड़ी मात्रा में टेट्रा पैक विदेशी शराब छिपाई थी। अगर उत्पाद विभाग की टीम गाड़ी की गहराई से जांच नहीं करती तो शराब की यह खेप आसानी से निकल नहीं सकती थी। हालांकि, सतर्कता के चलते तस्करों की यह तरकीब पकड़ी गई।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शराब तस्कर लगातार अपने तौर-तरीकों में बदलाव कर रहे हैं। वाहनों में गुप्त जगह बनाकर अवैध शराब की सप्लाई करने की कोशिश की जा रही है। बावजूद जांच चौकियों पर सतर्कता और सघन तलाशी के कारण ऐसे प्रयास नाकाम हो रहे हैं। मद्यनिषेध विभाग ने बरामद शराब और बोलेरो को कब्जे में लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट