नवादा : अभियान बसेरा के तहत वासभूमिहीन लोगों से आवेदन लेने की व्यवस्था जिले के पकरीबरावां अंचल कार्यालय में बदहाल नजर आ रही है। आवेदन जमा करने के लिए विशेष काउंटर नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि महिलाएं नाली के पानी में खड़े होकर आवेदन जमा करने के लिए जद्दोजहद करती नजर आ रही हैं। इससे स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

अभियान बसेरा का उद्देश्य वासभूमिहीन परिवारों को आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करना है। योजना का लाभ पाने की उम्मीद लेकर अंचल कार्यालय पहुंच रहे लोगों को आवेदन जमा करने के दौरान ही मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।आवेदकों का कहना है कि यदि अंचल कार्यालय परिसर में आवेदन जमा करने के लिए अलग काउंटर बनाया जाता और वहां बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी जातीं, तो उन्हें इस तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। खासकर महिलाओं को आवेदन जमा करने के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
एक ओर नवादा के हरिश्चंद्र स्टेडियम में जिला पदाधिकारी की देखरेख में जिला प्रशासन की ओर से अभियान बसेरा के तहत आवेदन लेने के लिए काउंटर की व्यवस्था की गई है। वहां लोग अपेक्षाकृत सुविधाजनक तरीके से अपने आवेदन जमा कर रहे हैं।वहीं, पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय अंचल कार्यालय में ऐसी व्यवस्था नहीं होने से आवेदकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दोनों जगहों की व्यवस्था में अंतर को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रखंड के कई बुद्धिजीवियों ने स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से आवेदन जमा करने के लिए तत्काल अलग काउंटर बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालय पहुंचने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। आवेदन जमा करने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

भईया जी की रिपोर्ट
