– बच्चों के विवाद में जख्मी महिला परेशान
नवादा : जिले के रजौली थानाध्यक्ष के फरमान से हर कोई परेशान है। ताज़ा मामला थाना क्षेत्र के हरदिया सेक्टर-ए में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद मारपीट में घायल महिला की है । थानाध्यक्ष ने फरमान जारी किया सर पर पट्टी नहीं हो प्राथमिकी नहीं। ऐसे में जख्मी महिला को थाना में आवेदन देने के लिए अस्पताल का दोबारा चक्कर लगाना पड़ा।

घायल मंजू देवी, पति पिंटू भैया ने आरोप लगाया कि सोमवार को वह मारपीट की शिकायत लेकर रजौली थाना पहुंचीं, जहां उनसे पहले सिर पर पट्टी बंधवाकर आने को कहा गया। मंजू देवी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे बच्चों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मारपीट में सर में चोट लग गई। परिजन उन्हें शाम करीब सात बजे रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सक ने सिर में मामूली कट का उपचार किया और उन्हें घर वापस भेज दिया।
सोमवार को महिला परिजनों के साथ आवेदन लेकर थाना पहुंचीं। महिला का आरोप है कि वहां उनसे थानाध्यक्ष ने कहा कि सर में चोट लगी है तो पहले अस्पताल से पट्टी बंधवाकर आएं, इसके बाद आवेदन लिया जाएगा। वह दोबारा अस्पताल पहुंचीं। तेज धूप और उमस के बीच दर्द से परेशान महिला अस्पताल के बरामदे में लेट गई और चिकित्सक से सर पर पट्टी बांधने की गुहार लगाती रही।
बाद में अस्पताल में महिला का दोबारा उपचार कर सर पर पट्टी बांधी गई तथा जरूरी दवाएं दी गईं। मामले में रजौली थानाध्यक्ष का पक्ष जानने के लिए मोबाइल से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

भईया जी की रिपोर्ट
